
— नगर के कलेक्टरगंज मार्ग पर जलभराव, कई दुकानों में घुसा पानी
— किसानों के लिए वरदान बनी बारिश
लालगोपालगंज। उमसभरी गर्मी से बेहाल लोगों को शुक्रवार शाम को हुई झमाझम बारिश से बड़ी राहत मिली है। अचानक हुई वर्षा ने मौसम को सुहावना बना दिया। हालांकि बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी, लेकिन गर्मी से मिली निजात ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दिया।
शाम करीब छह बजे आसमान में काले बादल छा गए, देखते ही देखते घुमड़-घुमड़ कर तेज बरसात शुरू हो गई। यह बारिश रुक-रुककर कई चक्रों में हुई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई। गर्मी और उमस से परेशान लोग ठंडी हवाओं और बारिश का आनंद लेते नजर आए। हालांकि इस अचानक हुई बारिश का असर लालगोपालगंज कलेक्टरगंज मार्ग पर भी दिखा, जहां भीषण जलभराव हो गया। सड़क पर पानी भरने से काफी समय के लिए आवागमन बाधित हुआ। कई दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया।
वहीं दूसरी ओर यह बारिश किसानों के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं थी। इंद्रदेव की प्रतीक्षा कर रहे अन्नदाताओं को शुक्रवार की बरसात से बड़ी राहत मिली है। जिन किसानों ने धान की नर्सरी तैयार कर ली थी और रोपाई के लिए अनुकूल मौसम का इंतजार कर रहे थे, उन्होंने अब खेतों की जोताई का काम शुरू कर दिया है। काश्तकारों का मानना है कि यह बारिश धान की फसल के लिए बेहद लाभदायक सिद्ध होगी।
